चंबा में धान की खरीद शुरू, किसानों की आय में बढ़ोतरी की उम्मीद
HNN/चंबा
चंबा जिले में मक्की के साथ धान की खेती करने वाले किसानों के लिए सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसके लिए गरनोटा और भटियात में धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां कृषि उत्पादन मंडी समिति (एपीएमसी) और कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। एपीएमसी द्वारा धान क्लीनिक और अन्य आवश्यक मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी, जबकि खरीद प्रक्रिया के लिए विभागीय टीमें गठित की गई हैं।
चम्बा में धान की खेती कम होती है, लेकिन भटियात क्षेत्र में इसकी उत्पादकता अधिक होती है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में लगभग 2,000 हेक्टेयर भूमि पर धान की खेती की जाती है, जिसमें से अधिकांश भटियात के किसानों द्वारा की जाती है। यहां के किसान मुख्य रूप से परमल और झिंझण की खेती करते हैं।
एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने बताया कि भटियात के दो स्थानों पर धान खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां किसानों से सीधे धान खरीदा जाएगा। यह सरकार की तरफ से किसानों की आय में वृद्धि के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है।