वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान में लक्ष्य से ज़्यादा हस्ताक्षर AICC को भेजे गए
हिमाचल नाऊ न्यूज़ शिमला:
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने आज दावा किया है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी एकजुटता के साथ खड़ी है, और भाजपा के लोकतंत्र तथा संविधान को कमजोर करने के खिलाफ प्रदेश में चलाया गया हस्ताक्षर अभियान बेहद सफल रहा है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान के तहत प्रदेश कांग्रेस को एक लाख हस्ताक्षरों का जो लक्ष्य दिया था, उसे पार करते हुए एक लाख 43 हजार हस्ताक्षर AICC को भेजे गए हैं।
उन्होंने कहा कि अब केंद्रीय आलाकमान देशभर में चले इस अभियान के हस्ताक्षर देश के राष्ट्रपति को सौंपेगा। प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी के अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और प्रदेश के लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह, और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता एवं ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने हरी झंडी दिखाकर हस्ताक्षरों के दस्तावेज से भरे एक विशेष वाहन को राजीव भवन से AICC, नई दिल्ली के लिए रवाना किया।
इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि देश में भाजपा लोकतंत्र की मर्यादाओं का हनन कर रही है, लेकिन कांग्रेस देश के संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
सुक्खू ने कहा कि भाजपा ने देश में चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास किया है, और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देश के सामने वोट चोरी के जो ठोस प्रमाण रखे हैं, उनकी तुरंत जांच होनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा कई गुटों में बटी हुई है और सभी गुट अपने-अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं।लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के मामले तथ्यों के साथ देश के सामने रखे हैं, इसलिए चुनाव आयोग को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी देश में नेता प्रतिपक्ष हैं, ऐसे में उनकी किसी भी बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में वोट चोरी का मामला बहुत ही संगीन अपराध है और चुनाव आयोग को इस पर तुरंत कार्यवाही कर अपनी गिरती साख को बचाना चाहिए।
इस अवसर पर शिमला शहर के विधायक हरीश जनारथा, मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





