किन्नौर
450 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना से हर साल मिलेगा हज़ार करोड़ का राजस्व
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किन्नौर जिले के शोंगटोंग कड़छम जल विद्युत परियोजना का दौरा किया और विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने इंजीनियरों और कामगारों से संवाद कर परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और इसे तय समय यानी नवंबर 2026 तक पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के शुरू होने से प्रदेश को सालाना एक हजार करोड़ रुपये की आय प्राप्त होगी।
13 वर्षों से अटकी परियोजना में लाई जा रही है गति
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना पिछले 13 वर्षों से अधूरी पड़ी थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने मात्र दो वर्षों में इसमें उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने इसे तय समय पर पूरा कर जनता को समर्पित करने का संकल्प दोहराया। मुख्यमंत्री ने इसे हिमाचल की संपदा “बहता हुआ सोना” बताते हुए इसके बेहतर उपयोग की बात कही।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
धौलासिद्ध, लुहरी और सुन्नी परियोजनाओं को अपने अधीन लाने की योजना
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार अन्य पनबिजली परियोजनाओं को भी अपने नियंत्रण में लेने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य राज्य सरकार की शर्तों पर ही होंगे ताकि प्रदेश के हित सुरक्षित रहें। साथ ही प्रदेश में जियोथर्मल, सोलर और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे ऊर्जा विकल्पों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
2026 तक हरित ऊर्जा राज्य और 2027 तक आत्मनिर्भर हिमाचल का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष 2026 तक हिमाचल को हरित ऊर्जा राज्य बनाने और 2027 तक आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। एचपीपीसीएल के माध्यम से 626 मेगावाट की सौर परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शीतकाल में राज्य को महंगी बिजली खरीदनी पड़ती है, जिसे रोकने के लिए सौर ऊर्जा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
स्थानीय स्वागत और परियोजना जानकारी
चोलिंग हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक स्वागत किया गया, जहां स्थानीय विधायक व मंत्री जगत सिंह नेगी सहित गणमान्य लोग उपस्थित थे। हिमाचल पावर कॉर्पोरेशन के महाप्रबंधक आबिद हुसैन सादिक ने परियोजना की विस्तृत जानकारी दी।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group