ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपमुख्यमंत्री ने शोभायात्रा में लिया भाग, जल योजनाओं से लेकर पर्यटन परियोजनाओं तक किए कई बड़े एलान
ऊना जिले के कुटलैहड़ क्षेत्र में गुरुवार को ऐतिहासिक पिपलू मेले की शुरुआत पूरे धार्मिक और सांस्कृतिक उल्लास के साथ हुई। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नरसिंह मंदिर में पूजा, झंडारोहण और पारंपरिक टमक वादन के साथ मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा और उनकी पत्नी भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
राज्य स्तरीय मेले का दर्जा और सांस्कृतिक संरक्षण का संकल्प
शोभायात्रा के साथ शुभारंभ समारोह में उपमुख्यमंत्री ने पिपलू मेले को राज्य स्तरीय मेला घोषित किया। उन्होंने कहा कि प्राचीन मेलों को संरक्षित कर भव्यता प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि सांस्कृतिक आयोजनों में हिमाचली कलाकारों को एक तिहाई बजट अनिवार्य रूप से दिया जाए ताकि स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
ऊना में पेयजल और सिंचाई परियोजनाएं तेज़ी पर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिले में 18 पेयजल योजनाएं निर्माणाधीन हैं जिनमें कुटलैहड़ की 15.50 करोड़ की योजना, 46 करोड़ की सिंचाई योजना और 14.64 करोड़ की एक और पेयजल योजना शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को जल संकट से राहत मिलेगी।
पर्यटन की दिशा में नई पहल: वॉटर स्पोर्ट्स हब
उन्होंने बताया कि अंदरोली को वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का हब बनाने के लिए निजी कंपनी के साथ समझौता किया गया है। इसके माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर और क्षेत्र को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान मिलेगी।
विकास कार्यों की सूची विधायक ने रखी सामने
विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में 6.50 करोड़ की खरोड़ी–क्यारियां सड़क, 10.50 करोड़ की बौल–झम्बर सड़क, ईको टूरिज्म और औद्योगिक विकास जैसी कई योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। उन्होंने 7 जून को ‘कुटलैहड़ महोत्सव’ आयोजित करने की जानकारी भी दी, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि होंगे।
परंपरा, श्रद्धा और संस्कृति का संगम
पिपलू मेला हर वर्ष निर्जला एकादशी पर आयोजित होता है और भगवान नरसिंह की विशेष पूजा का अवसर होता है। इस मेले में लोग अपनी नई फसल अर्पित करते हैं और हजारों श्रद्धालु यहां शीला दर्शन के लिए उमड़ते हैं।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मेले में विकास प्रदर्शनी, खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक संध्या जैसे आयोजन किए गए। हिमाचली कलाकार अनुज शर्मा और सुनील मस्ती ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





