HNN/ शिमला
अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने देश मे बढ़ते डीज़ल, पेट्रोल, एलपीजी सिलेंडर के मूल्यों पर केंद्र की भाजपा सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि इनकी गलत नीतियों की वजह से देश मे महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है। आज यहां डीसी कार्यालय के बाहर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला शिमला शहरी व ग्रामीण द्वारा आयोजित महंगाई मुक्त भारत अभियान के तहत मॉर्च रैली को सम्बोधित करते हुए राजीव शुक्ला ने कहा कि आज इस महंगाई से आम लोग परेशान है और केंद्र सरकार अपनी आँख कान बन्द किये हुए है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए चार उप चुनावों के बाद इनके मूल्यों में कटौती की गई थी पर अब पांच राज्यों के चुनावों के बाद एक बार फिर से लोगों पर महंगाई थोपी जा रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह एकजुट होकर भाजपा की इस सरकार को सत्ता से बाहर करने के लिये आगे आये। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम चुनावों में भी कांग्रेस की शानदार जीत होगी और विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस जीत हासिल कर प्रदेश में लोकप्रिय सरकार बनाएगी।
इससे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस मजबूती के साथ भाजपा के जन विरोधी नीतियों व निर्णयों का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि इस बढ़ती महंगाई के लिए भाजपा पूरी तरह दोषी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने चार उप चुनावों में भाजपा को उसकी करनी का ट्रेलर पहले ही दिखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा का अब जाना तय है क्योंकि लोग इसकी नीतियों और तानाशाही निर्णयों से पूरी तरह परेशान है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर नगर निगम चुनावों में उतरने को कहा। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस दौरान अपने सम्बोधन में कहा कि भाजपा अपने लोगों की जेबे भर रही है और देश के लोगों पर महंगाई थोप रही है। मुकेश ने विधायक विक्रमादित्य सिह पर अलगाववादी ताकतों के खिलाफ तिरंगा यात्रा निकालने पर एफआईआर दर्ज करने की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार का यह कदम देश भक्ति के खिलाफ है।