दिल्ली से आया हूं तो इशारा समझो, राजनीति में इशारे समझना जरूरी होता है -नड्डा
HNN / नाहन
आजादी के अमृत महोत्सव के साथ हिमाचल गठन से अब तक की यात्रा कार्यक्रम का आगाज करने पहुंचे जेपी नड्डा ने 2022 का चुनावी बिगुल फूंक दिया है। पांवटा के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा जयराम ठाकुर के साथ जनसभा स्थल पहुंचे। भारी तादाद में जुटी भीड़ देखकर नड्डा पांवटा सीट के लिए आश्वस्त भी नजर आए। तो वहीं उन्होंने 1998 का किस्सा भी दोहराते हुए कहा कि तब मैंने सुखराम चौधरी को कैंडिडेट बनाकर सही फैसला लिया था।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
उन्होंने कहा कि सुखराम चौधरी जब भी मुझसे मिलते हैं मेरा हाथ अपने हाथ में लेकर थोड़ा-थोड़ा मांगते हैं और इन्होंने जो-जो अपने विधानसभा क्षेत्र के लिए मांगा मुझे देने पर मजबूर होना पड़ा। जेपी नड्डा ने कहा कि यही एक अच्छे जनप्रतिनिधि की पहचान होती है। जैसे ही नड्डा ने यह बात मंच से कहीं उपस्थित भीड़ ने जबरदस्त तरीके से सुखराम चौधरी जिंदाबाद के नारे बाजी करते हुए तालियां भी बजाई। इस पर जेपी नड्डा ने कहा कि नवंबर में इसका जवाब भी देना है, तालियां पीटते मत रह जाना बटन भी दबाना है।
यहां सबसे बड़ी बात जेपी नड्डा ने साफ कर दी कि राजनीति में इशारे समझना बहुत जरूरी होता है। जाहिर है पांवटा साहिब 2022 के चुनावी रण में सुखराम चौधरी ही सशक्त दावेदार तय हो गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई इशारा ही ना समझे तो मेरा दिल्ली से यहां आने का फायदा क्या है। यह बात उन्होंने ना केवल जनता के लिए कहीं बल्कि उन लोगों के लिए भी कहीं जिनकी रिपोर्ट दिल्ली दरबार तक पहुंची है। वहीं उन्होंने पूर्व विधायक रहे फतेह सिंह का भी जिक्र किया। फतेह सिंह के जिक्र करने के पीछे जेपी नड्डा का मुख्य मकसद जातीय समीकरण को साधना भी था।
बड़ी बात तो यह भी रही कि सुखराम चौधरी के द्वारा जेपी नड्डा के पांवटा साहिब पहुंचने पर अधिवक्ताओं की मांग भी मनवाने में कामयाबी हासिल की। जेपी नड्डा ने खुले मंच से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की ओर से एडीजे कोर्ट पांवटा साहिब में खोले जाने को लेकर घोषणा भी करवा डाली। हिमाचल नाउ न्यूज़ ने पहले भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सिरमौर कार्यक्रमों के दौरान यह स्पष्ट किया था कि भाजपा 2022 के चुनाव में महिला शक्ति वोट बैंक को भी प्राथमिकता से कैश करेगी। वही आज जेपी नड्डा ने भी महिला शक्ति को 2022 में भाजपा मिशन रिपीट के लिए आह्वान किया है। जेपी नड्डा ने हिमाचल तब और अब में डबल इंजन भाजपा सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
उन्होंने जहां रेणुकाजी डैम सिरमौर के शिरगुल से चूड़धार तक बनाए जाने वाले रोपवे, लाल ढांग शिलाई-रोहड़ू नेशनल हाईवे, आईआईएम नाहन मेडिकल कॉलेज का विकास यात्रा में जिक्र किया, तो वही,उन्होंने कांग्रेस को भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का कार्यकर्ता छाती ठोक कर कहता है यह विकास कार्य हमने करवाए हैं। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को पूरी तरह बेरोजगार कर दिया है। उन्होंने जनता से पूछा कि क्या कभी आपने किसी कांग्रेसी नेता से सुना है कि मैंने यह विकास किया है। उन्होंने कहा कि आज पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में 90 फ़ीसदी भूमि सिंचाई योग्य हो गई है 24 दिन लोगों को पीने का पानी उपलब्ध है और 100 परसेंट लोगों के घर तक सड़क पहुंच चुकी है।
यही नहीं 100 फ़ीसदी लोगों के घर में रोशनी भी जगमगा रही है। उन्होंने कहा कि यह दावा जनता के बीच में वही व्यक्ति कर सकता है जो पसीना बहा सकता है। उन्होंने कहा कि जो पीछे किया जा चुका है उसके लिए हम आप सब का धन्यवाद करते हैं और जो आगे करना है उसके लिए हम आप सब जनता का सहयोग मांगते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभूतपूर्व अटूट प्रयासों से देश लेने वाला नहीं बल्कि देने वाला भारत बन गया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की भी जमकर प्रशंसा करी।
कोविड-19 का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जहां जापानी बुखार जैसे का टीका बाहर तक पहुंचते-पहुंचते वर्षों लग गए वहीं मात्र कुछ महीनों में वैक्सीनेशन की दोनों डोज बनाकर और लगाकर देश को दुनिया में पहला सुरक्षा चक्र दिया है। तो वही मोदी ने सुरक्षा कवच दिया है तो जयराम ने इसे प्रदेश की जनता को देश में सबसे पहले पहना कर पहला स्थान भी लिया है। बरहाल पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से यह तो अब साफ हो गया है कि भाजपा की ओर से सुखराम चौधरी ही मैदान में उतरेंगे। तो वही उन्होंने इशारों ही इशारों में अनुशासनहीनता पर कड़ा प्रहार करने की भी चेतावनी दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष इसके बाद नाहन की जनसभा के लिए रवाना हो गए हैं।
पांवटा साहिब में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री राजीव सैजल, विधायक रीना कश्यप, विपणन बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी, खाद्य आपूर्ति बोर्ड के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, पांवटा साहिब मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





