सी और बी ग्रेड की सरकार का गुजरा जमाना, प्रदेश में अब ए ग्रेड की होगी सरकार -सुभाष
HNN / नाहन
प्रदेश में चुनावी वर्ष शुरू होते ही आम आदमी पार्टी अटैक मोड़ पर आ चुकी है। प्रदेश में यूथ आइकन माने जाने वाले अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा के आम आदमी पार्टी जॉइन करने के साथ ही उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आक्रमण बोल दिया है। मंगलवार को कबीरा रेस्त्रां में आयोजित प्रेस वार्ता में सुनील शर्मा ने ऐलान किया कि प्रदेश में अब सी कांग्रेस बी भाजपा सरकार का जमाना जा चुका है अब ए यानी आम आदमी पार्टी का जमाना आ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा जहां कांग्रेस को प्रदेश में आम आदमी की एंट्री के साथ भूल चुकी है तो वही आम आदमी पार्टी का खौफ इन्हें सताने लग पड़ा है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
सुनील शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ना तो परिवारवाद और ना ही कट्टरपंथी विचारधारा को मानती है। उन्होंने कहा यह आम जनता की पार्टी है, जिसका मुख्य उद्देश्य भ्रष्टाचार को खत्म कर आम लोगों को उनका हक दिलाना है। उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश के हर नागरिक को पूरा हक है कि उसे सत्ता में बैठी सरकार स्वास्थ्य शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस मूलभूत सुविधाओं को आम जनता को पूर्ण रूप से उपलब्ध कराने में नाकाम रही है। बताना जरूरी है कि सुनील शर्मा अंतर्राष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धावक है।
सिरमौर जिला के श्री रेणुका जी विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले सुनील शर्मा ने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। यही नहीं प्रदेश में यूथ आइकन माने जाने वाले सुनील शर्मा ने हर दौड़ को समाज सेवा के लिए समर्पित किया है। बीते 6 वर्षों से सुनील शर्मा लगातार प्रदेश सरकार से अल्ट्रामैरॉथन को खेल नीति में शामिल करने की मांग कर रहे थे। यही नहीं राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां दर्ज करने के बावजूद प्रदेश सरकार उन्हें एक अच्छी नौकरी तक नहीं दे पाई थी। बीते कल दिल्ली में स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन की अध्यक्षता में सुनील ने आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर ली थी।
पार्टी में जॉइनिंग के बाद उन्होंने मंगलवार को सिरमौर के नाहन में पत्रकार वार्ता आयोजित कर अपने मंसूबे भी साफ कर दिए हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे मगर पार्टी यदि उन्हें कोई जिम्मेवारी देती है तो वह इंकार भी नहीं करेंगे। वही वार्ता में शामिल नाहन आम आदमी पार्टी अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अब बी और सी ग्रेड की सरकारें नहीं बल्कि ए ग्रेड की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा यही वजह है कि आज प्रदेश की सत्ताधारी भाजपा सरकार को आम आदमी पार्टी के नक्शे कदम पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
वार्ता में मुख्य रूप से नाहन आम आदमी पार्टी के उपाध्यक्ष सोहन सिंह, विनोद भटनागर सहित मीडिया प्रभारी जयप्रकाश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





