पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विला राउंड में चलाया स्वच्छता व जागरूकता अभियान
हिमाचल नाऊ न्यूज़ नाहन
डी ए वी विद्यालय नाहन के उत्साही छात्रों ने विश्व जैव विविधता दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के प्रति एक मजबूत संदेश दिया। विद्यालय के पाइन ग्रो इको क्लब के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा पांच से नौ तक के 30 विद्यार्थियों ने नाहन के विला राउंड में प्रकृति की सुंदरता का अनुभव किया और एक प्रभावी स्वच्छता अभियान चलाया।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

गौरतलब है कि हर वर्ष 22 मई को मनाया जाने वाला यह विशेष दिन जैव विविधता के महत्व के साथ-साथ इसके संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के आरंभ में इको क्लब के प्रभारी नरदेव सिंह ने छात्रों को विश्व जैव विविधता दिवस के मूल उद्देश्यों और इसकी महत्ता से अवगत कराया। इस दौरान भव्या, शानवी, अनय सेठी और अनमोल आदि छात्रों ने भी अपने विचारों को साझा करते हुए जैव विविधता के संरक्षण की तात्कालिक आवश्यकता पर अपने विचार रखें।

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यावरण समिति के अध्यक्ष सुरेश जोशी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधे, जीव-जंतु और पक्षी हमारे पर्यावरण के नाजुक संतुलन को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने विलुप्त हो रही प्रजातियों पर गहरी चिंता व्यक्त की और उनके संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर बल दिया। जोशी ने छात्रों से आग्रह किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं ताकि हमारे पर्यावरण को सुरक्षित रखा जा सके।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रिंसिपल जसविंदर वर्मा ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या कुछ लोगों की जिम्मेदारी नहीं है,

बल्कि यह हम सभी का कर्तव्य है और इसके लिए हमें निरंतर प्रयास करते रहना होगा। उन्होंने छात्रों से भविष्य में भी इसी तरह के पर्यावरण के अनुकूल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
इसके पश्चात, छात्रों ने विला राउंड के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाया और पॉलिथीन की थैलियों, रैपरों और अन्य प्रकार के कचरे को एकत्र कर उचित स्थानों पर पहुंचाया। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से भी पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की। इसके साथ ही, छात्रों ने वनस्पति, जीव-जंतुओं और पक्षियों की विविधता के बारे में प्रत्यक्ष जानकारी प्राप्त की।

मुख्य अतिथि सुरेश जोशी ने छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जैव विविधता का संरक्षण हम सभी का साझा दायित्व है और मिलकर काम करने से ही हम इसे सुनिश्चित कर सकते हैं। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया और कहा कि छोटे-छोटे कदम भी एक बड़ा परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक मोहम्मद इसरार भी उपस्थित थे, जिन्होंने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण से संबंधित ऑनलाइन शैक्षिक संसाधनों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





