जूता उद्योग के खिलाफ कामगारों ने किया प्रर्दशन

कंपनी ने गैर कानूनी तरीके से कर दी उद्योग की तालाबंदी
– 300 से अधिक कामगार आए सडक़ पर, उद्योग रातोरात कर रहा है मशीनरी दूसरी जगह शिफ्ट

HNN News नालागढ़ बद्दी

औद्योगिक कस्बे नालागढ़ के तहत चौकीवाला स्थित जूता निर्माता उद्योग द्रिश शूज के खिलाफ कामगारों ने प्रदर्शन किया। शनिवार को कामगारों ने कंपनी गेट पर उद्योग प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गैर कानूनी तरीके से उद्योग बंद करने के आरोप लगाए।

कामगार यूनियन का कहना है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा रातों-रात फैक्ट्री को ताला लगा दिया गया है जिसके कारण 300 कामगारों पर रोजगार का संकट छाया है। कामगारों ने आरोप लगाए कि फैक्ट्री से मशीनरी दूसरी किसी जगह पर शिफ्ट किया जा रहा है और कामगारों का तीन-तीन माह का वेतन लंबित पड़ा हुआ है।

उनका कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन करोड़ों रुपया मुनाफा एकत्रित करने के बाद फैक्ट्री को ताला लगाकर फरार हो गया है। लेकिन कामगारों का कई हिसाब नहीं किया गया है कामगारों का तीन माह का वेतन लंबित पड़ा है।

अब कामगारों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर, एसडीएम नालागढ़ महेंद्र पाल गुर्जर व श्रम अधिकारी को शिकायत भेजकर राहत की गुहार लगाई है। कामगारों का कहना है कि अगर जल्द ही कंपनी प्रबंधन द्वारा कामगारों का हिसाब नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

जब तक कामगारों का तीन माह का बकाया वेतन अदा नहीं किया जाता और कामगारों का हिसाब नहीं किया जाता तब तक कामगार पीछे नहीं हटेंगे।