Himachalnow / शिमला
शादी-पार्टी के बाद बचा अतिरिक्त कचरा अब आसानी से होगा ठिकाने
शिमला में घर-घर कूड़ा उठाने की सुविधा
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
शिमला नगर निगम अब शहरवासियों के लिए एक नई सुविधा लेकर आया है। यदि किसी के घर में शादी, पार्टी या किसी अन्य कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त कचरा निकलता है, तो अब उसे खुद ठिकाने लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नगर निगम इसे घर से ही उठाएगा, हालांकि इसके लिए मामूली शुल्क लिया जाएगा।
कचरे के हिसाब से अलग-अलग शुल्क
अगर किसी को छोटी पिकअप मंगवानी है, तो इसके लिए 600 रुपये का शुल्क देना होगा। यदि कचरे की मात्रा ज्यादा है, तो 1300 रुपये में निगम का टिप्पर वाहन उपलब्ध होगा। वहीं, बड़े गारबेज वाहन के लिए 2100 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। इस सेवा का उद्देश्य लोगों को घर से ही कूड़ा निपटान की सुविधा देना है, जिससे शहर साफ-सुथरा बना रहे।
निर्माण और मरम्मत कार्य का मलबा भी उठाएगा निगम
जो लोग अपने घरों की मरम्मत करवा रहे हैं, वे भी निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) कचरे के निपटान के लिए नगर निगम की सेवा ले सकते हैं। अक्सर लोग मरम्मत के दौरान निकलने वाला मलबा जंगलों या सार्वजनिक स्थानों पर फेंक देते हैं, जिससे पर्यावरण को नुकसान होता है। इसे रोकने के लिए नगर निगम ने यह विशेष व्यवस्था की है, ताकि शहर को स्वच्छ रखा जा सके।
नगर निगम का लक्ष्य : हर तरह के कूड़े का सही निपटान
नगर निगम ने शहर से निकलने वाले हर तरह के कचरे को कूड़ा संयंत्र तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री का कहना है कि यह सेवा लोगों के लिए सुविधाजनक होगी और इसके बदले में शुल्क लिया जाएगा। इससे न केवल कचरा सही स्थान पर पहुंचेगा, बल्कि शहर भी साफ-सुथरा रहेगा।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group