शोक में डूबा सिरमौर, प्रदेश कांग्रेस महासचिव अजय सोलंकी के पिता का निधन

40 वर्ष हिमाचल प्रदेश पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट में दी सेवाएं

HNN / नाहन

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अजय सोलंकी के पिता का शुक्रवार की सुबह देहांत हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय सोलंकी के पिता मदन पाल सोलंकी कुछ समय से अस्वस्थ भी चल रहे थे। वीरवार को मदन पाल सोलंकी ने परिवार के साथ हंसी-खुशी दिवाली का पर्व भी मनाया। देर रात तक दीपावली पर्व मनाने के बाद सुबह करीब 5:00 बजे के आसपास वे शौचालय जाने के लिए उठे और फिर बिस्तर पर आकर लेट गए।

पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुबह दोबारा लेट जाने के बाद जब उन्हें चाय आदि के लिए जगाया गया तो वह दुनिया को अलविदा कह चुके थे। मदन पाल सोलंकी के अचानक हुए इस निधन के बाद परिवार में जहां कोहराम मच गया वही पूरा शहर शोक की लहर में डूब गया। बता दें कि स्वर्गीय मदन पाल सोलंकी के दो बेटे और दो बेटियां हैं। जिनमें अजय सोलंकी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कांग्रेस महासचिव हैं।

बता दें कि अजय सोलंकी नाहन से कांग्रेस के प्रत्याशी भी रहे हैं। अजय सोलंकी के पिता हिमाचल प्रदेश पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके निधन के बाद उनके पैतृक गांव महिपुर में भी शोक की लहर फैल गई है। मदन पाल सोलंकी को पूरा शहर एक साधारण और मिलनसार व्यक्ति के रूप में पहचानता था। परिवारिक सूत्रों के अनुसार मदन पाल सोलंकी का अंतिम संस्कार 4:00 बजे के आसपास नाहन में ही किया जाएगा।

अजय सोलंकी के पिता के निधन पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू, विधायक शिलाई हर्षवर्धन चौहान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर, पूर्व विधायक पांवटा साहिब किरनेश जंग, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय बहादुर, पार्षद राकेश गर्ग, पूर्व पार्षद कपिल गर्ग , वरिष्ठ अधिवक्ता वीरेंद्र पाल, जिला सिरमौर कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष रूपेंद्र ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नरेंद्र तोमर सहित तमाम कांग्रेसी नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है।


Posted

in

,

by

Tags: