नाहन
शिक्षा मंत्री ने चनालग में करोड़ों की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, लोगों को दी कई सौगातें
विकास योजनाएं और नशा मुक्ति पर सरकार का फोकस
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के चनालग गांव में करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण किया और स्थानीय जनसभा को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वावलंबन और स्वरोजगार देने के लिए कृतसंकल्प है।
हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को किया नमन
अपने संबोधन में मंत्री ने डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को याद करते हुए कहा कि आज हिमाचल प्रदेश प्रगति की राह पर उन्हीं की दूरदर्शी सोच के कारण अग्रसर है। प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय 247 रुपये से बढ़कर अब 2.57 लाख रुपये हो चुकी है और शिक्षा संस्थानों की संख्या 200 से बढ़कर 15,000 हो गई है।
सरकारी सेवाओं में सुधार और नई घोषणाएं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि ओपीएस लागू कर एक लाख से अधिक कर्मचारियों को राहत दी गई है। दो वर्षों में 5,500 शिक्षकों की भर्ती हो चुकी है और 15,000 पदों की प्रक्रिया जारी है। वहीं, दूध, गेहूं, मक्की और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य को बढ़ाकर किसानों को आर्थिक संबल दिया गया है।
नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति
मंत्री ने कहा कि सरकार नशे के समूल नाश के लिए वचनबद्ध है। राज्य में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है, जिससे स्वच्छ और स्वस्थ समाज की परिकल्पना को साकार किया जा सके।
लोकार्पण की गई विकास परियोजनाएं
इस दौरान मंत्री ने 1.15 करोड़ रुपये की लागत से बनी बंटीघाट-भगयानघाट और बकराल-चनालग सड़क, 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित परीक्षा हॉल और 11 लाख रुपये से बने नगर कोटी मंदिर के मंच का लोकार्पण किया। बसाहा स्कूल के पुस्तकालय को पुस्तकों की सौगात और विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रम हेतु 21,000 रुपये देने की घोषणा भी की गई।
स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर सरकार की योजनाएं
शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य में 69 आदर्श स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना की जा रही है और 31 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने के लिए स्थानों का चयन किया जा रहा है। साथ ही, शीघ्र ही 650 प्रधानाचार्य के पद भी भरे जाएंगे।
स्थानीय जनता ने किया गर्मजोशी से स्वागत
इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर, कांग्रेस नेत्री दयाल प्यारी, जिला परिषद सदस्य आनंद परमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय पंचायत ने क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत कराया और मंत्री को “चनालग का इतिहास” पुस्तक भेंट की गई।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group