यशवंत विहार में विकास नहीं, सिर्फ वोट बैंक की राजनीति हुई: नरेंद्र तोमर
नाहन
यशवंत विहार कल्याण समिति और शिव शक्ति कॉलोनी जडजा की संयुक्त प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता एवं वार्ड नंबर-2 से पूर्व प्रत्याशी नरेंद्र तोमर ने नाहन नगर परिषद और भाजपा समर्थित पार्षद पर तीखा राजनीतिक हमला बोला।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

उन्होंने कहा कि नाहन नगर परिषद पर पिछले एक दशक से भाजपा का कब्जा रहा, लेकिन इस लंबे कार्यकाल में वार्ड नंबर-2 को विकास के नाम पर केवल आश्वासन ही मिले।
नरेंद्र तोमर ने कहा कि मौजूदा नगर परिषद का कार्यकाल अब समाप्ति की कगार पर है और मात्र 11 दिन शेष हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह भाजपा की राजनीति का दुर्भाग्यपूर्ण चेहरा है कि पूरे पांच साल तक वार्ड की समस्याएं उन्हें दिखाई नहीं दीं, लेकिन जैसे ही कार्यकाल खत्म होने लगा, अचानक विकास और जनहित की बातें शुरू हो गई।

उन्होंने कहा कि नगर परिषद भाजपा की है, पार्षद भाजपा का है और अब वही लोग अपनी ही परिषद पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इससे साफ होता है कि भाजपा के भीतर ही सब कुछ ठीक नहीं है।
यह स्थिति भाजपा की अंदरूनी विफलता का प्रत्यक्ष प्रमाण है, जिसे अब ढक पाना संभव नहीं रहा।नरेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि यशवंत विहार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का घोर अभाव है।

वर्ष 2017 में नगर परिषद के अधीन आने के बावजूद आज तक न तो सीवरेज लाइन डाली गई और न ही ड्रेनेज की कोई स्थायी व्यवस्था की गई। बच्चों के लिए पार्क जैसी आवश्यक सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई गई।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण कानूनों की अनदेखी कर पार्क के लिए चिन्हित भूमि को व्यावसायिक निर्माण में तब्दील कर दिया गया, जबकि नगर परिषद मूकदर्शक बनी रही।उन्होंने कहा कि भाजपा पार्षदों ने जनता से संवाद तक नहीं रखा।
स्थानीय लोगों की शिकायत है कि समस्याओं पर न तो सुनवाई होती है और न ही फोन उठाए जाते हैं। पांच साल तक वार्ड की दुर्दशा पर आंखें मूंदे रखने वाले लोग अब प्रेस वार्ता कर विकास की बातें कर रहे हैं, जो जनता के साथ सीधा छल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा अब जाली वोटों जैसे मुद्दे उछालकर अपनी नाकामी छिपाने की कोशिश कर रही है। असल मुद्दों से ध्यान भटकाने की यह रणनीति अब जनता के सामने बेनकाब हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने यशवंत विहार को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया, जबकि वास्तविक विकास की कभी चिंता नहीं की।नरेंद्र तोमर ने कहा कि यदि क्षेत्र में किसी ने जमीन पर उतरकर काम किया है तो वह स्थानीय विधायक अजय सोलंकी हैं।
विधायक निधि के अलावा अन्य संसाधनों से भी उन्होंने सड़क सुधार, इंटरलॉक टाइल और गायत्री मंदिर परिसर जैसे विकास कार्यों के लिए फंड उपलब्ध करवाया। इसके विपरीत भाजपा का योगदान केवल राजनीतिक बयानबाजी तक सीमित रहा।
उन्होंने कहा कि यशवंत विहार के लोग जागरूक हैं और भाजपा की जुमलेबाजी को भली-भांति समझ चुके हैं। आने वाले समय में जनता भाजपा नेताओं और पार्षदों से जवाब मांगेगी कि वे बताएं, पांच साल में ऐसा कौन-सा ठोस विकास कार्य किया गया है जिसे वे अपनी उपलब्धि बता सकें।
प्रेस वार्ता में यशवंत विहार कल्याण समिति के अध्यक्ष संजय ठाकुर, शिव शक्ति कॉलोनी के अध्यक्ष विनोद कंठ, योगेंद्र ठाकुर, कैप्टन नागेंद्र ठाकुर, रिखीराम शर्मा, गुमान सिंह सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





