बीमा पॉलिसी रिफंड के नाम पर महिला से ठगे 1.32 लाख

HNN/ कांगड़ा

साइबर अपराध पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित होते नजर आ रहे हैं। लोगों के खातों से लगातार साइबर अपराधी रुपए उड़ा रहे हैं। पुलिस चाहकर भी उन पर लगाम नहीं लगा पा रही है। शातिर अलग-अलग तरीके अपना कर लोगों को ठगने का काम कर रहे हैं। ताज़ा मामला उपमंडल पालमपुर का है जहां एक महिला ठगी का शिकार हो गई।

शातिरों ने महिला को बीमा पालिसी रिफंड के नाम पर 1.32 लाख रूपए का चूना लगा दिया। पुलिस थाना पालमपुर को दी गई शिकायत में चचियां क्षेत्र की पीड़ित महिला ने बताया कि 20 मई, 2021 को किसी अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर कहा कि बीमा पालिसी का रिफंड उसके पास आया है। इस दौरान शातिर ने महिला को अपने झांसे में ले लिया तथा एक लाख, 32 हजार रुपये पेमेंट करने को कहा तो महिला ने पैसे ट्रांसफर कर दिए।

जिसके बाद जब महिला ने व्यक्ति से संपर्क साधा तो उसका फोन बंद आया और उसके पैसे वापस भी नहीं मिले। महिला ने कई बार व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश की परंतु उसका फोन नहीं लगा। अब 4 महीने बीत जाने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई।

डीएसपी पालमपुर गुरबचन सिंह ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुट गई है।


Posted

in

,

by

Tags: