Himachalnow / शिमला
ऐतिहासिक रिज मैदान पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस कार्निवल का शुभारंभ किया व खुद भी थिरके
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विंटर कार्निवल 2024 का भव्य आगाज हो गया है। मंगलवार को ऐतिहासिक रिज मैदान पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस कार्निवल का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही माल रोड पर 250 महिलाओं ने एक साथ महानाटी का प्रदर्शन कर समां बांध दिया। इस अनोखे नज़ारे ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्यमंत्री सुक्खू भी इस नाटी में शामिल होकर प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा बने।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group

पहले दिन की शुरुआत में भाषा एवं संस्कृति विभाग की सांस्कृतिक परेड ने कार्निवल को और अधिक खास बना दिया। परेड रोजाना माल रोड से रिज मैदान तक निकाली जाएगी, जिसमें हिमाचल की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। इस बार कार्निवल में खासतौर पर कई कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो इसे और रंगीन बनाएंगे।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि हिमाचल प्रदेश को देश के सबसे उन्नत पर्यटक राज्य के रूप में स्थापित करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने सैलानियों को बेहतर अनुभव देने के लिए रेस्तरां, ढाबे और अन्य खाने-पीने के स्थानों को 24 घंटे खुले रखने का निर्णय लिया है, जिसके लिए अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने शिमला नगर निगम को इस आयोजन के लिए सराहा और कहा कि विंटर कार्निवल जैसे कार्यक्रम हिमाचल की संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस साल मनाली में भी बड़े स्तर पर विंटर कार्निवल आयोजित किया जाएगा।
विंटर कार्निवल के माध्यम से हिमाचल की लोक संस्कृति, नृत्य और संगीत को मंच प्रदान किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन प्रदेश को पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत करेंगे। उन्होंने सभी सैलानियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह कार्निवल न केवल स्थानीय लोगों बल्कि देशभर के पर्यटकों के लिए यादगार बनेगा।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group