HNN/ ऊना
देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज जिला ऊना और चंबा के एक दिवसीय दौरे पर हिमाचल पहुंचे है। प्रधानमंत्री ने ऊना रेलवे स्टेशन से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद पीएम ने बल्क ड्रग फार्मा पार्क का शिलान्यास किया और ट्रिपल आईटी का ऑनलाइन लोकार्पण भी किया। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ऊना में देश के दूसरे बल्क ड्रग पार्क का काम शुरू हुआ है। इससे बड़ी सौगात क्या हो सकती है।
देश में चौथी वंदे भारत ट्रेन हिमाचल को मिली है। प्रधानमंत्री मोदी ने विरोधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी कनेक्टिविटी की समस्या रही है। आज हिमाचल में देश की सबसे आधुनिक ट्रेन न केवल खड़ी हुई है, बल्कि दौड़ पड़ी है। दिल्ली में बैठे लोगों ने भी हिमाचल के हितों का कभी ध्यान नहीं रखा, जिसका खामियाजा यहां के भोले भाले लोगों को भुगतना पड़ा। कहा कि आज का नया भारत, पुरानी सारी चुनौतियों पर तेजी से काम कर रहा है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
जो सुविधाएं पिछली शताब्दी में ही लोगों तक पहुंच जानी चाहिए थीं, वो अब लोगों तक पहुंच रही हैं। हम सिर्फ लोगों की 20वीं सदी की जरुरतें ही पूरी नहीं कर रहे, बल्कि 21वीं सदी की आधुनिक सुविधाएं भी हिमाचल के घर-घर ले जा रहे हैं। इसलिए आज हिमाचल के विकास के लिए अभूतपूर्व काम हो रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पूर्व सरकारों ने कभी गड्ढों को भरने का प्रयास नहीं किया लेकिन हम विकास की नई इमारतें बना रहे हैं।
एक तरफ जहां हिमाचल में हजारों शौचालय बनाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ गांव-गांव में बिजली व्यवस्था सुधारी जा रही है। हिमाचल में पहले जो सरकारें रही और दिल्ली में भी जो लोग बैठे थे, वो आप लोगों की जरूरतों को पूरा करने में उदासीन रहे। आपकी आशा और आकांक्षाओं को वो कभी समझ ही नहीं पाए। मुझे याद है, हिमाचल का हाल क्या था। कहीं विकास का नाम नजर नहीं आता था, चारों तरफ विश्वास की खाई, निराशा के पहाड़ और गड्ढे ही गड्ढे थे।
उन्होंने इन गड्ढों को भरने का सोचा ही नहीं। हमने उन गड्ढों को तो भरा और अब मजबूती से नई इमारतें बना रहे हैं। हमारी सरकार जनता की आशाएं पूरा करने के लिए पूरी शक्ति के साथ काम में जुट गई है। उधर, रैली स्थल इंदिरा स्टेडियम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत किया। अनुराग ने पीएम मोदी को मां चिंतपूर्णी की चुनरी और चित्र भेंट किया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी हिमाचल को दूसरा घर मानते हैं। ट्रेन का सपना पहाड़ के लोगों के लिए सपने की तरह ही था। ऊना से वंदे भारत एक्सप्रेस का आज आगाज हुआ है।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group