Himachal Weather / प्रदेश में मौसम शुष्क, कई जिलों में शीत लहर और घने कोहरे का असर

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 13 Jan 2026, 11:30 AM | Updated: 13 Jan 2026, 6:44 PM 1 min read

Himachal Weather : प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा है। कुछ क्षेत्रों में शीत लहर और घने कोहरे के कारण ठंड का असर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया है।

हिमाचल प्रदेश

पिछले 24 घंटों का मौसम हाल

प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क दर्ज किया गया है। पांवटा साहिब में मध्यम कोहरा देखा गया, जबकि हमीरपुर, ऊना और बरथिन में भीषण शीत लहर का प्रभाव रहा। इसके अलावा कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर जिलों में शीत लहर दर्ज की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।

तापमान में भारी अंतर दर्ज

राज्य में अधिकतम तापमान बजौरा और नेरी में 21.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान ताबो में माइनस 7.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शिमला में अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कल्पा में अधिकतम 14.1 डिग्री और न्यूनतम शून्य डिग्री, जबकि मनाली में अधिकतम 16.2 डिग्री और न्यूनतम 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

शीत लहर और कोहरे की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार 13 से 14 जनवरी के दौरान बिलासपुर, हमीरपुर, ऊना, चंबा, कांगड़ा और मंडी जिलों में एक-दो स्थानों पर शीत लहर चलने की संभावना है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, सिरमौर, कांगड़ा और मंडी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने के आसार जताए गए हैं।

आगे का मौसम पूर्वानुमान

13 से 15 जनवरी तक प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। 13 से 14 जनवरी के दौरान शिमला शहर में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। इस अवधि में शिमला का अधिकतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है।