Loading...

Chhattisgarh: नक्सलियों ने किया आइईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी

Ankita 5 Jun 2023 Edited 5 Jun 1 min read

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने आज सोमवार सुबह आईईडी ब्लास्ट कर दिया। जिसकी चपेट में आने से सीआरपीएफ के तीन जवान जख्मी हो गए हैं। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर है। तीनों जवानों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।

वारदात गंगालूर थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस अफसरों ने बताया कि, पुसनार से सीआरपीएफ 222वीं और 85वीं बटालियन के जवान सोमवार सुबह एरिया डॉमिनेशन के लिए निकले थे। जवान गंगालूर की तरफ आगे बढ़ रहे थे, इसी दौरान सुबह करीब 10.30 बजे टेकामेटा पहाड़ी के पास नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट कर दिया।

इसकी चपेट में आकर 222वीं बटालियन का जवान विशाल, 85वीं बटालियन के जवान रिफान साहू और अमित कुमार घायल हो गए। घायल जवानों में विशाल के हाथ-पैर और अंदरूनी चोटें आई हैं। वहीं रिफान साहू के गले में और अंदरूनी चोटें लगी हैं। जबकि 85वीं बटालियन के अमित कुमार गंभीर रूप से घायल हैं। ब्लास्ट के चलते उनका पैर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।