Loading...
Uncategorized

सिरमौर / 21 दिसंबर को सिरमौर के 56,531 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक : उपायुक्त

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 18 Dec 2025 • 1 Min Read

पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। अभियान के तहत शत-प्रतिशत बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया है।

नाहन

पल्स पोलियो अभियान को लेकर जिला स्तरीय कार्यबल की बैठक

उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की अध्यक्षता में उपायुक्त कार्यालय सभागार में पल्स पोलियो प्रतिरक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला स्तरीय कार्यबल की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों की भूमिका और समन्वय पर चर्चा की गई।

56 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

उपायुक्त ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान के तहत 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 56,531 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके लिए जिला भर में 534 पोलियो बूथ स्थापित किए जाएंगे। अभियान के दौरान 1776 बूथ टीमों के साथ-साथ 4 मोबाइल टीमें भी सक्रिय रहेंगी।

घर-घर जाकर सुनिश्चित होगी शत-प्रतिशत कवरेज

उन्होंने बताया कि जो बच्चे निर्धारित दिन पोलियो की खुराक लेने से वंचित रह जाएंगे, उन्हें अगले दो दिनों में घर-घर जाकर दवा पिलाई जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

जन आंदोलन की तरह अभियान में भाग लेने की अपील

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जिला वासियों से अपील की कि पल्स पोलियो अभियान को जन आंदोलन के रूप में लें और 0 से 5 वर्ष आयु के प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलवाएं। उन्होंने कहा कि एक भी बच्चा छूटना नहीं चाहिए।

शिक्षा, उद्योग और पंचायतों को दिए विशेष निर्देश

उपायुक्त ने शिक्षा विभाग को स्कूलों की प्रार्थना सभाओं में पल्स पोलियो अभियान की जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों के माध्यम से व्यापक प्रचार हो सके। उद्योग विभाग को औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत मजदूरों के बच्चों तक पोलियो की दवा पहुंचाने के लिए जागरूक करने को कहा गया। पंचायतों और आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

प्रवासी और दूरदराज क्षेत्रों पर विशेष फोकस

उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को प्रवासी आबादी, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले बच्चों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

बसों में यात्रा कर रहे बच्चों को भी पिलाई जाएगी दवा

उपायुक्त ने एचआरटीसी को निर्देश दिए कि यदि बसों में यात्रा के दौरान 0 से 5 वर्ष आयु का कोई बच्चा हो, तो मार्ग में स्थापित पोलियो बूथ पर बस रोककर उसे पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित किया जाए।

इन अधिकारियों की रही उपस्थिति

बैठक में सहायक आयुक्त विकास एवं खंड विकास अधिकारी नाहन डॉ. अंजली गर्ग, जिला आयुष अधिकारी डॉ. इंदु शर्मा, स्वास्थ्य अधीक्षक मेडिकल कॉलेज नाहन डॉ. रीनू चौहान, महाप्रबंधक उद्योग रचित शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी डॉ. विनय कुमार, अध्यक्ष रोटरी क्लब नाहन मनीष जैन सहित विभिन्न स्वास्थ्य खंडों के चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।