हिमाचल में बिजली बिल अब घर पर नहीं मिलेंगे, उपभोक्ता को मोबाइल-वेबसाइट से ही डाउनलोड करना होगा
अब हिमाचल प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को कागज़ी बिल घर पर उपलब्ध नहीं कराए जाएंगे। सभी उपभोक्ता भविष्य में अपने बिल केवल ऑनलाइन मोबाइल ऐप व वेबसाइट के माध्यम से ही प्राप्त और डाउनलोड कर सकेंगे।
सोलन
बोर्ड ने पेपर बिल व्यवस्था बंद की
हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड लिमिटेड के अनुसार बिल अब घर-घर वितरित नहीं होंगे। सहायक अभियंता हिमांशु मेहता ने बताया कि उपभोक्ता HPSEBL मोबाइल ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या अन्य डिजिटल विकल्पों से ही अपना बिल प्राप्त कर सकेंगे। यह प्रणाली डिजिटल सुविधा और समयबचत के उद्देश्य से लागू की गई है।
ऐसे कर सकेंगे बिल भुगतान
उपभोक्ता अपना बिल HPSEBL बिल पेमेंट ऐप, आधिकारिक वेबसाइट, गूगल पे, भीम UPI, पेटीएम जैसे डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर सकते हैं। समय पर भुगतान न होने की स्थिति में विद्युत कनेक्शन काटा जा सकता है।
सहायता के लिए संपर्क सुविधा उपलब्ध
विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए उपभोक्ता सर्कुलर रोड स्थित विद्युत विभाग कार्यालय में स्वयं संपर्क कर सकते हैं या 01792-223611 पर कॉल कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।