सेना के जवानों ने श्री रेणुका जी झील से निकाला 52 वर्षीय व्यक्ति का शव

नहाने उतरा था या फिर आत्महत्या, दोनों एंगल से जांच कर रही पुलिस

HNN/श्री रेणुका जी

श्री रेणुका जी झील में डूबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सेना के जवानों ने बुधवार शाम आधे घंटे बाद शव को बाहर निकाल लिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वीरवार को शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मृतक की पहचान सिरत (बनाहां की सैर), तहसील पच्छाद निवासी 52 वर्षीय विश्वदेव के तौर पर हुई है।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि विश्वदेव गत मंगलवार को घर से बताए बगैर कहीं चला गया था। बुधवार को श्री रेणुका जी झील के परिक्रमा मार्ग के गेट नंबर एक के नजदीक उसके कपड़े और मोबाइल पड़े देखे गए।

लिहाजा, प्रशासन ने व्यक्ति की तलाश को लेकर झील में सर्च ऑपरेशन के लिए नाहन से सेना के जवानों की मदद ली। शाम करीब 5:00 बजे विश्वदेव का शव झील से बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि मृतक मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। संगड़ाह के डीएसपी मुकेश कुमार ने घटना की पुष्टि की है।

उन्होंने बताया कि आर्मी जवानों की मदद से झील से शव को निकाल लिया गया है, जिसे पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने खुद छलांग लगाकर आत्महत्या की है या फिर वह नहाने के लिए झील में उतरा था, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है


Copy Short URL


WA

Tags: