सड़क से बाहर लटकी एचआरटीसी बस, टला बड़ा हादसा
HNN/सोलन
जिला सोलन में सोमवार सुबह करीब साढ़े 7:00 बजे के आसपास बड़ा हादसा होते-होते टल गया, यहां एचआरटीसी की एक बस सड़क किनारे लटक गई। गनीमत ये रही कि बस सड़क से नीचे नहीं गिरी। चालक की सूझबूझ से बड़ा हादसा होने से टल गया।
बताया जा रहा है कि चलती बस का स्टीयरिंग अचानक जाम हो गया। बस में 25 के करीब यात्री सवार थे। जानकारी के मुताबिक नालागढ़ डिपो की बस नंबर HP 36C-3373 साई धर्मपुर-आवाड रूट पर नालागढ़ जा रही थी। इस बीच सोडी के पास बस के टायर सड़क से बाहर हो गए। इससे सवारियों में अफरा तफरी मच गई।
सभी यात्री सुरक्षित हैं। चालक यदि इमरजेंसी ब्रेक नहीं लगाता तो बस खाई में लुढ़क सकती थी। बताया जा रहा है कि बस में ज्यादातर स्कूल के बच्चे थे। जबकि 13 सवारियों की टिकटें कटी थीं। घटना की जानकारी निगम के अधिकारियों को दे दी गई है।