शातिर ने एटीएम कार्ड बदलकर युवती के खाते से उड़ाए 40,000 रुपये
HNN/ सोलन
जिला सोलन में एक शातिर लड़के ने युवती के साथ एटीएम कार्ड बदलकर उसके खाते से 40,000 रुपये उड़ा लिए है। पीड़िता युवती ने पुलिस थाना सदर में इस बाबत शिकायत दर्ज करवाई है। वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता युवती ने बताया कि 13 अगस्त को उसने अपनी माता के एटीएम कार्ड से एसबीआई एटीएम, माल रोड सोलन से 1500 रुपये निकाले। इस दौरान जैसे ही वह एटीएम से बाहर निकली तो वहां पहले से मौजूद एक लड़के ने उसे वापस बुलाया और कहा कि एटीएम से स्लिप नहीं निकाली गई है।
लड़के के कहने पर जब उसने एटीएम कार्ड मशीन में दोबारा डाला, तो लड़के ने बातों में उलझाकर उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। घर पहुंचने पर युवती के पास मैसेज आया कि उसकी माता के खाते से कुल 40,000 रुपये निकाले गए है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।