विवादित मस्जिद को लेकर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन शुरू
HNN/शिमला
मंडी जिले में सकोडी पुल जेल रोड के पास अवैध मस्जिद के निर्माण को लेकर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सेरी मंच पर एकत्रित हुए लोगों ने अवैध मस्जिद के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर विवादित मस्जिद के पास बैरिकेड्स लगा दिए हैं और जेल रोड को वाहनों की आवजाही के लिए पूरी तरह से बंद कर दिया है। पुलिस तैनात है और डीसी अपूर्व देवगन, एसपी साक्षी वर्मा और एडीसी रोहित राठौर ने भी मोर्चा संभाल लिया है।
जिला प्रशासन ने 7 प्रमुख वार्डों में धारा 163 (144 सीआरपीसी) लागू कर दी है, जिसके तहत बिना अनुमति के 5 या अधिक लोगों के एकत्र होने पर प्रतिबंध है। इसके अलावा घातक हथियार, ज्वलनशील सामग्री और लाऊडस्पीकर के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध है।
मस्जिद के अवैध निर्माण से जुड़े मामले की सुनवाई आज मंडी नगर निगम के आयुक्त की अदालत में होनी है, और सोशल मीडिया पर लोगों से निगम कार्यालय के पास इकट्ठा होने की अपीलें की जा रही हैं। संभावित तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह आदेश जारी किए हैं।