लौह उद्योग में चार कामगारों पर गिरा गर्म लोहा, अस्पताल में भर्ती
HNN/ सोलन
जिला सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला में एक लौह उद्योग में चार कामगारों पर गर्म लोहा गिरने से वह बुरी तरह झुलस गए। दो कामगारों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया, जबकि 2 अभी अस्पताल में उपचाराधीन हैं। पुलिस ने कंपनी के खिलाफ लापरवाही बरतने पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, 4 कामगारों ने भट्ठी में स्क्रैप डाला। स्क्रैप डालने के बाद क्रेन से स्क्रैप दबा रहे थे। अचानक उस स्क्रैप में जोर से धमाका हुआ, जिससे गर्म लोहा भट्ठी से बाहर उछल गया और इन सभी कामगारों के ऊपर गिर गया।
कामगारों के पीठ व पांव में गर्म लोहा गिरा। घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए झाड़माजरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि की है।