नाहन में एटीएम बदलकर खाते से हजारों रुपये उड़ाने वाला आरोपी पंजाब से गिरफ्तार
HNN/ नाहन
जिला मुख्यालय नाहन में एक बुजुर्ग का एटीएम बदलकर खाते से हजारों रुपये उड़ाने वाले शातिर को एसआईटी की टीम ने पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पुलिस ने वीरवार को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे 20 मई तक पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नाहन शहर के विला राउंड निवासी अनूप आनंद भटनागर ने सदर थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई थी कि इसी साल 23 अप्रैल को एसबीआई बैंक की मुख्य शाखा के एटीएम से पैसे निकालने के दौरान किसी व्यक्ति ने उसका एटीएम कार्ड चोरी कर अंकित चौहान नाम के किसी अन्य एटीएम कार्ड से बदल दिया।
इसके बाद शातिर ने उसके खाते से एटीएम के माध्यम से कुल 74,000 रुपये की निकासी की। इस पर पुलिस थाना सदर नाहन में 9 मई को आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्ज किया। मामले को गंभीरता से देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर योगेश रोल्टा के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया।
एसआईटी ने मामले में आगामी कार्यवाही करते हुए 15 मई को वांछित व्यक्ति निखिल ठाकुर निवासी मकड़, फरेर, तहसील बड़सर, जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) को जीरकपुर (पंजाब) से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। एसपी सिरमौर रमन कुमार मीणा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी निखिल ठाकुर को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आरोपी को 5 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। इस मामले आगामी कार्यवाही जारी है।