Incomparable development in Himachal in four and a half years due to the efforts of double engine governments- JP Nadda

डबल ईंजन सरकारों के प्रयासों से हिमाचल में साढ़े चार वर्षों में हुआ अतुलनीय विकास- जेपी नड्डा

जनसभा में बोले- कांग्रेस ने हिमाचल का छीना हक , भाजपा ने दिलाया

HNN / कुल्लू

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश ने गत साढ़े चार वर्षों में अतुलनीय विकास किया है और यह सब केन्द्र और राज्य में डबल ईंजन की सरकारों के प्रयासों से ही संभव हो सका है। यह बात सांसद एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित सम्मान समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कही। यह समारोह हाल ही में सम्पन्न चार राज्यों के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की भारी जीत के उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित किया गया था।

भव्य स्वागत के लिए कुल्लू की जनता का आभार व्यक्त करते हुए जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि कुल्लू जिला के लगभग प्रत्येक गांव के अपने देवता हैं, जिस कारण इसे देवभूमि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि कुल्लू के लोगों का उत्साह देखकर यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय जनता पार्टी राज्य में जय राम ठाकुर के नेतृत्व में एक बार पुनः सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जिसने अपने सभी वायदे पूरे किए है।जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि वर्तमान केन्द्र सरकार भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया कि समाज के कमजोर वर्गों और कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रहे लोगों तक उनके सभी देय लाभ पहुंचे और इसलिए भाजपा चारों राज्यों में जीत हासिल कर पाई। नड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकारों ने हमेशा ही प्रदेश के हितों की अनदेखी की है और तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी के कार्यकाल में जब वीरभद्र सिंह प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस समय राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा वापिस ले लिया गया था। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य का विशेष श्रेणी का दर्जा पुनः बहाल किया।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रदेश की मिट्टी का बेटा आज विश्व के सबसे बड़े राजनैतिक दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ कार्य के दौरान की मधुर स्मृतियां लगभग सभी कार्यकर्ताओं से जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण परिवार से निकला आम व्यक्ति विश्व के सबसे बड़े दल का नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश के लिए भी यह सौभाग्य की बात है कि हमारा नेतृत्व विश्व नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान हिमाचल में अभूतपूर्व विकास हुआ है और भाजपा 2022 के चुनावों में मिशन रिपीट करने में सफल होगी। जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा, शिक्षा मंत्री गोविन्द सिंह ठाकुर, हिमाचल प्रदेश भाजपा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं सुन्दरनगर के विधायक राकेश जमवाल, विधायक जवाहर ठाकुर, सुरेंद्र शौरी, हीरा लाल, कर्नल इंद्र सिंह, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जमवाल, विभिन्न संगठनों के महासचिव, विभिन्न बोर्डों  और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष इस अवसर पर उपस्थित थे।    


Posted

in

,

by

Tags: