झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले टोंग लेन स्कूल के बच्चों का सपना साकार, स्टेडियम में देखा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच

By हिमांचलनाउ डेस्क नाहन Published: 14 Dec 2025, 7:03 PM | Updated: 14 Dec 2025, 7:03 PM 1 min read

धर्मशाला के टोंग लेन स्कूल में पढ़ने वाले झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले बच्चों को पहली बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच देखने का अवसर मिला। यह अनुभव बच्चों के लिए भावनात्मक, यादगार और प्रेरणादायक साबित हुआ।

धर्मशाला

मुख्यमंत्री के वादे ने बच्चों के चेहरे पर लाई मुस्कान
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपने संवेदनशील नेतृत्व का परिचय देते हुए धर्मशाला स्थित सराह क्षेत्र के टोंग लेन स्कूल के 160 बच्चों को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच को स्टेडियम में बैठकर देखने का अवसर प्रदान किया। यह पहल मुख्यमंत्री द्वारा अपने हालिया धर्मशाला दौरे के दौरान किए गए वादे के अनुरूप रही।

सीमित संसाधनों में पल रहे बच्चों के लिए यादगार पल
झुग्गी-झोंपड़ी में रहने वाले इन बच्चों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट मैच नजदीक से देखना किसी सपने के सच होने जैसा था। स्टेडियम में मौजूद बच्चों के चेहरों पर उत्साह, उमंग और खुशी साफ झलक रही थी। यह अनुभव उनके जीवन के सबसे यादगार क्षणों में से एक बन गया।

‘थैंक्स सुक्खु जी’ बोले बच्चे
मैच के दौरान बच्चों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार इतना बड़ा आयोजन इतने करीब से देखा है। बच्चों ने कहा कि यह अनुभव वे जीवनभर नहीं भूलेंगे और इससे उनके सपनों को नई उड़ान मिली है।

विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने की सराहना
विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों ने मुख्यमंत्री के इस मानवीय कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल समाज के वंचित वर्ग के बच्चों में आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है।