प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने शिमला दौरे के दौरान जगत प्रकाश नड्डा के बयानों को भ्रामक बताते हुए केंद्र सरकार पर आपदा राहत को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि घोषणाएं बहुत हुईं, लेकिन हिमाचल को आज तक वास्तविक सहायता नहीं मिली।
शिमला
नड्डा के बयानों को बताया तथ्यों से परे
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा शिमला में दिए गए बयान पूरी तरह तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाले हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि नड्डा आंकड़ों के साथ स्पष्ट करें कि केंद्र सरकार ने किस योजना के तहत, किस मद में हिमाचल प्रदेश को कितना पैसा जारी किया है।
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें: Join WhatsApp Group
1500 करोड़ की घोषणा, लेकिन पैसा आज तक नहीं मिला
विनय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा तीन महीने पहले आपदा राहत के लिए 1500 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी, लेकिन आज तक प्रदेश सरकार को एक रुपया भी प्राप्त नहीं हुआ। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दिल्ली से शिमला पैदल पहुंचने में भी चार दिन लगते हैं, जबकि घोषणा के 90 दिन बीत जाने के बाद भी प्रदेश इंतजार कर रहा है।
डबल इंजन सरकार के दावे खोखले साबित हुए
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पहले तथाकथित डबल इंजन सरकार के दौर में भी भाजपा के दावे पूरी तरह खोखले रहे। उसी दौरान प्रदेश की आर्थिक स्थिति बिगड़ती चली गई। उन्होंने कहा कि आज नड्डा द्वारा किए जा रहे दावे भी केवल हवा-हवाई बातें हैं।
कर्मभूमि हिमाचल, फिर भी मदद नहीं
विनय कुमार ने कहा कि भले ही जगत प्रकाश नड्डा किसी अन्य राज्य से राज्यसभा पहुंचे हों, लेकिन उनकी कर्मभूमि हिमाचल प्रदेश ही रही है। ऐसे में उनसे अपेक्षा थी कि वे आपदाग्रस्त प्रदेश के लिए प्रधानमंत्री द्वारा घोषित राशि तुरंत जारी करवाते।
शिमला दौरा पूरी तरह राजनीतिक रहा
नड्डा के शिमला दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए विनय कुमार ने कहा कि यह दौरा पूरी तरह राजनीतिक था। केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद उन्होंने न तो कोई ठोस आश्वासन दिया और न ही कोई वास्तविक मदद। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार हिमाचल के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
केंद्र ने वित्तीय दबाव बढ़ाया: कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति को बुरी तरह कमजोर किया। अब केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के पेंशन अंश को रोके रखा है, केंद्रीय योजनाओं की राशि में कटौती की गई है और ऋण सीमा पर भी अनुचित अंकुश लगाया गया है।
कांग्रेस सड़क से संसद तक लड़ेगी
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा केवल घोषणाओं और जुमलों की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस पार्टी और प्रदेश सरकार आपदा की घड़ी में जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल के हक की हर एक पाई के लिए सड़क से संसद तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रदेश की भौगोलिक सच्चाई समझें नड्डा
उन्होंने कहा कि नड्डा हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियों से भली-भांति परिचित हैं। यदि प्रदेश और यहां के लोगों के प्रति उनके मन में थोड़ा भी स्नेह है, तो उन्हें आगे आकर हिमाचल को वास्तविक सहायता दिलानी चाहिए।
📢 लेटेस्ट न्यूज़
हमारे WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए अभी हमारे WhatsApp ग्रुप का हिस्सा बनें!
Join WhatsApp Group





