MNALI.jpg

किरतपुर-मनाली फोरलेन के तीन टोल प्लाजा पर कार चालकों को देने होंगे इतने रुपए……

HNN/ बिलासपुर

किरतपुर से मनाली तक के फोरलेन पर तीन टोल प्लाजा पर पर्यटकों और अन्य वाहन चालकों को टोल चुकाना होगा। इसमें टकोली टोल प्लाजा को इसी माह शुरू करने की तैयारी नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) कर रहा है।

फोरलेन पर कार चालकों को तीन टोल पर करीब 350 रुपए देना होगा। हालांकि व्यावसायिक वाहनों के लिए ये दाम अलग रहेंगे। टकोली टोल प्लाजा के टेंडर जारी हो चुके हैं। इसके लिए एजेंसी भी फाइनल हो चुकी है।

अब बाकी की प्रक्रिया पूरी कर इसी माह यहां पर कर्मचारी तैनात कर दिए जाएंगे। इसके अलावा पहला टोल बिलासपुर के गरामोड़ा में और दूसरा टोल बिलासपुर के बलोह में होगा। हालांकि अभी तक इन दोनों टोल के टेंडर नहीं हुए हैं।

एनएचएआई ने दोनों टोल के टेंडर की प्रक्रिया पूरी करने के लिए फाइल दिल्ली भेजी है। कार के अलावा फोरलेन पर बस, ट्रक और हल्के व्यावसायिक वाहनों के टोल दाम भी लगभग तय किए जा चुके हैं।

बस इन्हें टेंडर के बाद अधिकारिक करना बाकी है। एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार गरामोड़ा टोल पर कार चालकों को करीब 170 रुपए, बलोह टोल पर 70 रुपए और टकोली में करीब 110 रुपए भरने होंगे।

बिलासपुर आने के लिए एक ही जगह भरना होगा टोल
किरतपुर से बिलासपुर आने वालों को सिर्फ गरामोड़ा में ही टोल देना होगा। वहीं फोरलेन से शिमला की तरफ से हमीरपुर जाने वालों को कहीं भी टोल नहीं देना है।

सिंगल एक्सएल, डबल एक्सएल वाहनों के अलग होंगे दाम
हल्के व्यावसायिक वाहनों की बात करें तो गरामोड़ा में उनके लिए टोल टैक्स करीब 270 रुपए होगा। बलोह में 120 से ऊपर रहेगा। वहीं टकोली में करीब 185 रुपए लगेंगे।

बसों और ट्रकों के लिए गरामोड़ा में टोल करीब 570 रुपए तक होगा। टकोली में यह करीब 385 रुपए तक होगा। फोरलेन पर सिंगल एक्सएल, डबल एक्सएल और अन्य प्रकार के मालवाहकों के लिए टोल के दाम अलग होंगे।


by

Tags: