आपदा प्रभावित परिवारों को 75 लाख रुपये की सहायता दी गई
HNN/काँगड़ा
देहरागोपीपुर (कांगड़ा) में विधायक कमलेश ठाकुर ने मुख्यमंत्री शगुन योजना और बेटी है अनमोल योजना के लाभार्थियों सहित आपदा प्रभावित परिवारों को लगभग 91 लाख रुपये के चेक वितरित किए। इस दौरान, 71 परिवारों को लगभग 75 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई, जिन्हें पिछले वर्ष आई आपदा के दौरान उनके मकान पूरी तरह या आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 33 लाभार्थियों को 10.23 लाख रुपये और बेटी है अनमोल योजना के तहत 34 पात्र लाभार्थियों को 5.70 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण माह के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
विधायक कमलेश ठाकुर ने लोगों की समस्याओं को सुनते हुए अधिकतम का मौके पर निपटारा किया और शेष के समयबद्ध निवारण के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देहरा प्रदेश में सबसे तेज गति से विकसित होने वाले विधानसभा क्षेत्रों में शामिल होगा और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविद्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार देहरा के विकास के लिए विशेष योजना बनाई गई है।