500 से अधिक छात्र-छात्राओं के हाथ में शान से लहराया तिरंगा
HNN / नाहन
आजादी के अमृत महोत्सव के चलते जिला के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान आदर्श विद्या निकेतन के द्वारा तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगे की शान में करीब विद्यालय के 500 के लगभग छात्र छात्राओं ने हिस्सा लिया। हर हाथ में तिरंगे के साथ विद्यालय से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के चौगान से गुजरती हुई शहीद स्मारक के पास समाप्त हुई। शहीद स्मारक के समीप बच्चों के द्वारा देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को तिरंगा लहरा कर नमन किया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं का जोश देखते बन रहा था। वंदे मातरम, तिरंगा मेरी शान, तिरंगा हमारी पहचान जैसे बुलंद नारों के साथ पूरा शहर गूंज रहा था। बड़ी बात तो यह है कि जब बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर गुजर रहे थे तो सड़क पर चलने वाले राहगीरों ने भी तिरंगे को सैल्यूट किया।
आदर्श विद्या निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्राचार्य के.के चंदोला ने बताया कि यह बड़े फक्र की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हम सबको हर घर हर हाथ तिरंगे के लिए समर्पित करने का सौभाग्य दिया है। उन्होंने कहा कि यह बड़े गर्व की बात है कि आज हमारे विद्यालय के छात्रों ने भी आजादी के अमृत महोत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने कहा कि तिरंगा ही हमारी पहचान है, हर घर पर तिरंगा हो यह हमारी शान है तिरंगा ही एक ऐसा हमारा राष्ट्र ध्वज है जो हमें एक राष्ट्र एक भावना एक पहचान दिलाता है।