अभी तक बहाल नहीं हुआ निगुलसरी में नेशनल हाईवे पांच, पिछले कई दिनों से है बंद

By Ankita Published: 16 Sep 2023, 4:19 PM | Updated: 16 Sep 2023, 4:19 PM 1 min read

HNN/ किन्नौर

किन्नौर जिले के निगुलसरी में नेशनल हाईवे पांच अभी तक बहाल नहीं हुआ है। बता दें यह मार्ग पिछले कई दिनों से बंद पड़ा हुआ है, जिससे कि किन्नौर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे को खोलने के लिए एनएच प्राधिकरण युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। अब 10 मीटर चट्टान काटने का काम शेष बचा है।

विभाग का दावा है कि मौसम साफ रहा तो आज देर शाम तक एनएच बहाल हो सकता है। वहीं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी भी जब से एनएच बंद हुआ है तब से वहां पर डटे हुए हैं। वह नेशनल हाईवे और अन्य अधिकारियों के साथ सड़क खोलने में पूरा सहयोग दे रहे हैं।

बता दें कि जिला किन्नौर के लोगों की आय का मुख्य साधन सेब की फसल है और बागवानों को उनकी सेब और अन्य नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने में किसी प्रकार की बाधा न हो इसके लिए मंत्री जगत सिंह नेगी अवरुद्ध हुए राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उपस्थित हैं और सड़क बहाली के कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं।

उन्होंने जिले के किसानों व बागवानों को आश्वस्त किया कि उनकी नकदी फसलों को मंडी तक पहुंचाने के लिए शीघ्र ही सड़क बहाली का कार्य पूर्ण कर दिया जाएगा। फिलहाल इस मार्ग के बंद होने के बाद बागवानों व किसानों ने अपनी सेब की फसल को मंडी तक पहुंचाने के लिए वाया काजा सड़क मार्ग होते हुए मनाली की ओर भेजा जा रहा है।