अभी तक बहाल नहीं हुआ किन्नौर-शिमला एनएच, वाहन चालकों को हो रही परेशानी
HNN/ किन्नौर
किन्नौर-शिमला एनएच छठे दिन भी बहाल नहीं हो पाया। अभी दो दिन और बंद आवाजाही बंद रहने की आशंका है। बता दें मार्ग बहाली का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। परंतु पहाड़ी से रुक-रुक कर गिर रहे पत्थरों के कारण मार्ग बहाली के कार्य में समस्याएं पेश आ रही हैं।
मार्ग न बहाल होने से वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण किन्नौर जिले के हजारों लोगों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। इन दिनों किन्नौर में सेब सीजन चल रहा है। सेब सीजन की वजह से ट्रकों और गाड़ियों की आवाजाही भी ज्यादा है। अब सड़क बंद होने की वजह से बागवानों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है।
बागवानों को अब अपना सेब मंडी तक पहुंचाने के लिए खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सेब बागवानों का कहना है कि ऐसा लगता है कि मानो हिमाचल प्रदेश को किसी की नजर लग गई है। पहले बे मौसम हुई बारिश, फिर ओलावृष्टि और अब लगातार अलग-अलग घटनाओं में बंद हो रही सड़क परेशानी बढ़ा रही है।