HNN/ शिमला
हिमाचल प्रदेश में साइबर क्राइम के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं। शातिर अलग-अलग तरीके अपना कर प्रदेशवासियों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। बड़ी बात तो यह है कि पढ़े-लिखे लोग ज्यादातर इन ठगों के झांसे में आ रहे हैं तथा अपनी जमा पूंजी गंवा रहे हैं। खास तौर पर फर्जी कंपनियां लोगों को लोन लेने सहित अन्य तरीकों से अपने झांसे में ले रही है तथा उनके खातों से लाखों रुपए साफ कर रहे हैं।
प्रदेश में इन फर्जी कंपनियों ने 325 लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। हैरानी की बात तो यह है कि साइबर ठगों ने इस साल ही मात्र ढाई महीने के भीतर इन लोगों से 35 लाख रूपए की धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। हालाँकि, हालांकि साइबर सेल और पुलिस टीमों द्वारा ठगों द्वारा खातों से उड़ाए गए इन पैसों को वापिस रिफंड भी किया जा रहा है।
अब तक 10 लाख 50 हजार की राशि लोगों को रिफंड की गई है, जबकि 15 लाख से ज्यादा राशि को होल्ड कर दिया गया है। साइबर सेल के एएसपी नरवीर सिंह राठौर ने कहा कि प्रदेश में साइबर क्राइम लगातार बढ़ रहा है। लोगों की लापरवाही के चलते ही वह ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।