हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट, 37 सड़कें बाधित
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने 12 से 14 सितंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हल्की से मध्यम तीव्रता की व्यापक वर्षा होगी। बारिश की अधिकतम तीव्रता 13 सितंबर को सिरमौर, सोलन, शिमला, बिलासपुर, किन्नौर और आसपास के क्षेत्रों में होगी। इन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है।
बारिश के कारण राज्य में कई सड़कें बाधित हो गई हैं। 37 सड़कों पर आवाजाही ठप हो गई है। दो पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। 106 बिजली ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी है। स्थानीय लोगों व पर्यटकों को अपनी यात्रा को मौसम की स्थिति के अनुसार प्लान करने की सलाह दी गई है। प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया है।
राज्य में 17 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार 12 सितंबर की देर रात से 14 सितंबर तक वर्षा की गतिविधि की तीव्रता और वितरण में वृद्धि होने की संभावना है।