शिमला में टॉलैंड से आईजीएमसी के लिए बनेगी डबललेन टनल, सर्कुलर रोड पर खत्म होगा जाम
HNN/शिमला
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सर्कुलर रोड पर 295 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नवबहार-आईजीएमसी टनल के प्रोजेक्ट में बदलाव करने का फैसला लिया गया है। अब इस डबललेन टनल का निर्माण नवबहार की जगह टॉलैंड चौक से आईजीएमसी क्षेत्र के लिए किया जाएगा। इससे पूरे सर्कुलर रोड से यातायात जाम खत्म होगा।
टॉलैंड चौक से टनल बनाने की संभावनाएं देखने के लिए विशेषज्ञों की रिपोर्ट ली जा रही है। इसके बाद विस्तृत डीपीआर तैयार होगी। टॉलैंड से आईजीएमसी क्षेत्र के लिए बनने वाली टनल की लंबाई पहले प्रस्तावित टनल से ज्यादा होगी। एचपीआरआईडीसी के निदेशक पवन शर्मा ने कहा कि इससे निर्माण की लागत तो बढ़ेगी लेकिन इसका फायदा पहले प्रस्तावित टनल से कई गुना ज्यादा होगा।
टॉलैंड चौक से टनल बनने के बाद अपर शिमला से टुटीकंडी आने जाने वाले वाहन और बसें सीधे ढली बाईपास होकर आईजीएमसी से टॉलैंड पहुंचेंगी। इससे दोनों क्षेत्रों के बीच की दूरी भी करीब पांच किलोमीटर तक घट जाएगी। यह टनल से सीधे आईजीएमसी क्षेत्र पहुंच जाएंगे। सर्कुलर रोड पर बनने वाली यह टनल सबसे ज्यादा फायदेमंद होगी।