शाहपुर में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले गए
HNN/कांगड़ा
राजकीय वरिष्ठ उत्कृष्ट माध्यमिक पाठशाला शाहपुर में चल रही लड़कों की अंडर-19 खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के कुछ फाइनल मुकाबले रविवार को खेले गए। वालीबॉल का फाइनल मुक़ाबला बोह और हारचक्कियां के बीच खेला गया, जिसमें हारचक्कियां विजेता रहा। इसके अतिरिक्त कबड्डी का फाइनल मुकाबला रैत और रजोल के बीच खेला गया, जिसमें रैत की टीम विजेता रही।
इसी के साथ खो-खो का फाइनल मुकाबला रिहलू और दरगेला के बीच खेला गया, जिसमें रिहलू स्कूल विजेता रहा। रेसलिंग में हारचाक्कियां की टीम विजेता रही। इस खेलकूद प्रतियोगिता में मंजीत कुमार, राजेश डोगरा, मुकेश मन्हास और कविराज ने रेफरी की भूमिका निभाई। स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल जरियाल ने बताया कि बैडमिंटन का फाइनल मुकाबला सोमवार को खेला जाएगा। इसके साथ ही सोमवार को प्रतियोगिता का समापन हो जाएगा।
इस मौके पर नगर पंचायत शाहपुर के उपाध्यक्ष विजय गुलेरिया मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे और विजेता टीमों और खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। चार दिवसीय इस खेलकूद प्रतियोगिता में शाहपुर खंड के 23 स्कूलों से 276 बच्चों ने भाग लिया।