शातिर ने पूर्व सैनिक को लगाया लाखों रुपए का चूना

BySAPNA THAKUR

Dec 24, 2021

HNN/ मंडी

पधर उपमंडल की झटींगरी तहसील के गांव टिक्कन में एक पूर्व सैनिक लाखों रुपए की ठगी का शिकार हो गया। अपने साथ हुई ठगी की शिकायत पूर्व सैनिक ने पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। पीड़ित के आधार पर पुलिस ने भी धारा 420 तथा 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगामी कार्यवाही अमल में लाई है।

टिक्कन गांव के केसर सिंह ने जोगिंद्रनगर पुलिस थाना को दी गई शिकायत में बताया कि उसके साथ 13 लाख रुपए की ठगी हुई है। बताया कि उसे एक व्यक्ति जोगिंद्रनगर के एक होटल में मिला जिसने उसे निवेश बारे लालच दिया और वह उसके झांसे में आ गया। उसके बाद वह व्यक्ति और एक लड़की उसके घर आए तथा निवेश की योजनाएं बताईं, जिन पर विश्वास करके उसने यूपीआई के माध्यम से एक लाख 15 हजार रुपए डाल दिए।

इसके बाद उपरोक्त व्यक्ति ने केसर सिंह को एक कंपनी के माध्यम से टोयोटा इनोवा क्रेसटा गाड़ी की लॉटरी लगने की बात कही, जिसके लिए गाड़ी की इंश्योरैंस सहित आरटीओ चार्ज के नाम से पैसे मांगे, जो केसर सिंह ने दे दिए। बाद में केसर सिंह ने उक्त व्यक्ति की कंपनी की मनाली में नीलाम हुई जमीन की बोली में भी कुछ पैसे दिए।

इसी तरह वह उनके जाल में फंसता गया और व्यक्ति ने फिर केसर सिंह से रजिस्ट्री करवाने के लिए 48,000 रुपए मांगे। उपरोक्त व्यक्ति ने केसर सिंह को बेटियों की योजनाओं बारे जानकारी दी तथा बताया कि आप 2 लाख 30 हजार रुपए इन्वैस्ट करोगे तो आपको 10 दिन बाद 10 लाख रुपए मिलेंगे। इसी तरह उनकी बातों में आकर केसर सिंह ने विभिन्न खातों में 13 लाख रुपए डाल दिए।


Notice: Undefined index: results in /home/u178909573/domains/himachalnownews.com/public_html/wp-content/themes/newsup/functions.php on line 282
The short URL is: