शातिरों ने 2 दुकानों में लगाई सेंध, लाखों रुपए का सामान लेकर हुए फरार

By Ankita Published: 19 Mar 2024, 2:01 PM | Updated: 19 Mar 2024, 2:11 PM 1 min read

HNN/ बिलासपुर

जिला बिलासपुर में घुमारवीं पुलिस थाना क्षेत्र के तहत त्रिफालघाट के बैहल-ननावे में चोरों ने दो दुकानों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के नोटों के हार व एक अटेची चुरा ली है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता रंजना भाटिया निवासी समैला तहसील बलद्वाड़ी जिला मंडी ने बताया कि वह त्रिफालघाट के बैहल-ननावे में रेडीमेड व मनियारी की दुकान करती है।

उसने बताया कि गत 16 मार्च की शाम को वह करीब आठ बजे अपनी दुकान बंद करके घर चली गई। 17 मार्च को जब वह दुकान पर पहुंची तो दुकान के शटर के ताले टूटे हुए पाए गए। इस पर चोरी का शक होने पर उन्होंने अन्य दुकानों को देखा तो एक अन्य दुकान के ताले भी टूटे पाए, जिस पर संबंधित दुकानदार सुनील को फोन पर सूचना दी।

सुनील कुमार की दुकान की जांच करने पर वहां से 50 हजार रुपये के नोटों के हार व करीब 15 हजार रुपये नकदी, एक अटेची तथा सुनील कुमार की दुकान से भी करीब 80 हजार के नोटों के हार गायब पाए गए।

उन्होंने आशंका जताई कि अज्ञात लोगों ने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया है। उधर, डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।