मतगणना डयूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों की रिहर्सल, बैलेट पेपर स्कैन…

By PRIYANKA THAKUR Published: 1 Dec 2022, 6:25 PM 1 min read

HNN / ऊना, वीरेंद्र बन्याल

आगामी 8 दिसंबर 2022 को विधानसभा चुनावों की मतगणना से संबंधित रिहर्सल जिला मुख्यालय ऊना में आयोजित की गई। पोस्टल बैलेट से संबंधित मतगणना के विषय में आयोजित इस रिहर्सल प्रक्रिया में ऊना जिला के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के करीब 40 अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा राजस्व विभाग के विभिन्न अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।

इस अवसर पर अधिकारियों व कर्मचारियों को पीपीटी तथा वीडियो सहित सूचना प्रौद्योगिकी के विभिन्न माध्यमों के अलावा व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी उपायुक्त ऊना राघव शर्मा ने मतगणना से जुड़े अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित किसी भी शंका को इस रिहर्सल प्रक्रिया में स्पष्ट कर लें ताकि मतगणना के दौरान त्रुटि की कोई भी संभावना न रहे।

इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ऊना डॉ अमित शर्मा, तहसीलदार निर्वाचन सुमन कपूर, सहित निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।