लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल (LAC) में तनाव के बीच अरुणाचल प्रदेश में तवांग के पास भारत और चीन के सैनिकों के बीच हिंसक झड़प हुई है। इस झड़प में दोनों देशों के सैनिक घायल हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, ये घटना नौ दिसंबर की है।
हिंसक झड़प में दोनों तरफ के सैनिक जख्मी हुए हैं। हालांकि, कोई भी भारतीय सैनिक गंभीर रूप से जख्मी नहीं हुआ है। झड़प के बाद दोनों देशों के सैनिक पीछे हट गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार 300 से ज्यादा चीनी सैनिक 17 हजार फीट की ऊंचाई पर एक चोटी की ओर बढ़ने की कोशिश कर रहे थे।
भारतीय सैनिकों ने चीनी सैनिकों के इस इरादे को नाकाम कर दिया। ये चोटी अभी बर्फ से ढकी हुई है, सेना के सूत्रों के अनुसार इस झड़प में भारत से ज्यादा चीन के जवान जख्मी हुए हैं।
चीनी जवानों के साथ हुए इस झड़प में भारत के कम से कम 8 जवान घायल हुए हैं। इन जवानों को इलाज के लिए गुवाहाटी लाया गया है।