पांवटा में 3 बच्चों की मां से दुराचार, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

By SAPNA THAKUR Published: 29 Nov 2022, 5:45 PM | Updated: 29 Nov 2022, 5:45 PM 1 min read

HNN/ पांवटा

जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में दुराचार का मामला सामने आया है। यहां 3 बच्चों की मां से एक किशोर द्वारा इस वारदात को अंजाम दिया गया है। आरोपी ने पहले महिला को लिफ्ट दी और उसके बाद वह उसे जंगल ले गया जहां जाकर उसने महिला से दुराचार किया। इतना ही नहीं आरोपी ने यह बात किसी को भी बताने पर महिला को जान से मारने तक की धमकी दे डाली।

वही पीड़ित महिला ने इसकी लिखित शिकायत पुलिस थाना को दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 376, 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित महिला ने बताया कि रविवार को उसका पति बांगरण में काम पर था। वह अपने पति को पैसे देने के लिए उससे मिलने पैदल ही बांगरण जा रही थी।

इस दौरान उसने गांव के रहने वाले किशोर से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि किशोर उसे जंगल के रास्ते से ले गया और उसके साथ जबरन गलत काम किया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। पांवटा साहिब के डीएसपी रमाकांत ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है।

Tags: