दो मंजिला मकान चढ़ा आग की भेंट, बेघर हुआ परिवार

By SAPNA THAKUR Published: 4 Dec 2022, 9:58 AM | Updated: 4 Dec 2022, 9:58 AM 1 min read

HNN/ मंडी

मंडी स्थित करसोग में दो मंजिला मकान आग की भेंट चढ़ गया जिससे छह कमरे राख हो गए हैं। शार्ट सर्किट के कारण लगी इस आग से पीड़ित परिवार को लाखों का नुक्सान हुआ है। बता दें, यह दो मंजिला स्लेटपोश मकान उपमंडल के पोखी के शेषधार गांव निवासी कालीदास पुत्र डीम चंद का था।

यहां अचानक ही शार्ट सर्किट हुआ जिसके चलते घर में चिंगारी सुलग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और पूरे घर को चपेट में ले लिया। जब तक परिवार के सदस्य कुछ कर पाते तब तक घर के चारों ओर आग लग चुकी थी। हालांकि ग्रामीणों ने भी मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया परंतु सफलता हाथ नहीं लग पाई और अंदर रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

घर के राख होने से एक ही परिवार के तीन सदस्य बेघर हो गए हैं। उधर, सूचना मिलने के बाद प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची थी जिन्होंने नुक्सान का आकलन किया। फिलहाल प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 10000 रूपए की राहत राशि प्रदान की गई है।