जूनियर छात्र ने वरिष्ठों पर लगाया आरोप, मामला दर्ज

By NEHA Published: 10 Sep 2024, 11:25 AM | Updated: 10 Sep 2024, 11:29 AM 1 min read

HNN/शिमला

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के कंडाघाट क्षेत्र के एक निजी विश्वविद्यालय में रैगिंग का मामला सामने आया है। एक जूनियर छात्र ने कुछ वरिष्ठ विद्यार्थियों पर रैगिंग का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्र ने शिकायत कंडाघाट पुलिस थाना में की है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जूनियर छात्र ने आरोप लगाया है कि वरिष्ठ छात्रों ने उसे कई दिन से तंग किया और दो दिन पहले कमरे में ले जाकर मारपीट की। मामले में एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक भी बुलाई गई थी, लेकिन वरिष्ठ छात्र नहीं पहुंचे।

पुलिस ने छात्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि रैगिंग को लेकर शिकायत मिली थी। पुलिस जांच कर रही है। आरोपी छात्रों से पूछताछ की जाएगी और उसके बाद ही सच का पता चलेगा।

इस मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि रैगिंग की शिकायत मिलने के बाद जांच कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय में रैगिंग को लेकर सख्त नियम हैं और ऐसी घटनाओं पर कार्रवाई की जाती है।