घास काटने गई महिला पर तेंदुए ने किया हमला, टांग में गाड़ दिए दांत

ByPRIYANKA THAKUR

Oct 30, 2021

HNN / हमीरपुर

जिला हमीरपुर के भोरंज उपमंडल के तहत आने वाले गांव बगबाड में एक महिला पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। हमले से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। जानकारी के अनुसार भाटकी देवी पत्नी सुखलाल मवेशियों के लिए घास लेने गई हुई थी। इसी दौरान अचानक तेंदुए ने दबे पांव आकर पीछे से महिला पर हमला कर दिया।

इस हमले में महिला की टांग में तेंदुए ने अपने दांत गड़ा दिए। इसके बाद महिला ने शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की आवाज सुनकर गांव के लोग वहां पहुंचे और उन्होंने तेंदुए को वहां से भगाया और तुरंत सिविल अस्पताल ले आए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को मेडिकल कॉलेज हमीरपुर रेफर कर दिया जहां महिला का इलाज जारी है।

उधर गांव वासियों का कहना है कि शाम ढलते ही तेंदुआ गांव के नजदीक कई बार देखा गया है। वही वन खंड अधिकारी जगत राम ने बताया कि उन्हें घटना की सूचना मिली है और वनरक्षक को मौके पर भेजा गया साथ ही गांव में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने का प्रबंध भी किया जा रहा है।

The short URL is: