HNN/ नाहन
हिमाचल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने आम आदमी पार्टी पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में आप को जनता का साथ नहीं मिलेगा, क्योंकि प्रदेश में तीसरी पार्टी का कोई अस्तित्व नहीं रहा है। प्रदेश में इस बार भाजपा सरकार ही मिशन रिपीट को पूरा करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि इससे पहले भी कई पार्टियां आई और विलुप्त हो गई।
कश्यप ने कहा कि हिमाचल में हमेशा दो ही पार्टियों कांग्रेस व भाजपा के बीच मुकाबला रहा है। ऐसे में अन्य कोई तीसरी पार्टी का यहां कोई अस्तित्व नहीं है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल का वोटर बहुत समझदार है और वो समझता है कि पिछले सवा 4 साल में वर्तमान सरकार ने हिमाचल के विकास और आम जनमानस के लिए कार्य किया है।
शेष 8-9 महीनों में भी प्रदेश की जयराम सरकार इसी तरह जनहितैषी कार्य करते हुए आम जनता के हक में फैसले लेते हुए आगे बढ़ेगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि हाल ही में जिस तरह से बीजेपी ने चार राज्यों में दोबारा से सरकार बनाई है, उसी तर्ज पर इस बार हिमाचल में भी भाजपा सरकार अपना मिशन रिपीट करेगी।