आखिर मुख्यमंत्री खेल गए महिला शक्ति पर पांवटा मिशन रिपीट

किरनेश के गढ़ में ठोक गए 214 करोड़ की कील

HNN / नाहन

चुनावी वर्ष में मुख्यमंत्री का पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में तीसरा दौरा सौगातों भरा रहा। तो वहीं स्थानीय विधायक व सरकार में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी कांग्रेस के गढ़ में किलेबंदी करने में भी कामयाब हुए हैं। सोमवार को पांवटा साहिब गिरी पार क्षेत्र में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का जोरदार स्वागत हुआ। सुखराम द्वारा भरली पंचायत में शक्ति प्रदर्शन बनाम मुख्यमंत्री जनसभा आयोजित करवा अपनी जबरदस्त कूटनीति का परिचय भी दे दिया है। असल में भरली आगरों पंचायत कांग्रेस के पूर्व में विधायक रहे करनेश जंग का गढ़ माना जाता रहा है। बताया जाता है कि कभी इस क्षेत्र में करनेश जंग की माइन हुआ करती थी।

आज भी एक क्षेत्र माइनिंग के लिए जाना जाता है। पंचायत की प्रधान रीना है जो कि सवर्ण वर्ग से आती है। प्रधान को अब बीजेपी के पाले में माना जाता है। यहां यह भी बता दें कि लिमिटेशन के बाद शिलाई विधानसभा क्षेत्र की 11 पंचायतें पांवटा विधानसभा क्षेत्र में आई थी। यह सभी पंचायतें लगभग कांग्रेस का गढ़ मानी जाती थी। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों उद्घाटनों और शिलान्यासों का कार्यक्रम कांग्रेस के ही गढ में करवाया। मुख्यमंत्री की इस जनसभा में इन 11 पंचायतों की करीब चार हजार के लगभग महिलाओं ने बढ़ चढ़कर भाग लिया।

तो वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी महिला शक्ति के दम पर पांवटा साहिब मिशन रिपीट का ऐन वक्त पर पासा फेंकने में जरा भी नहीं चूके। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए जितनी भी योजनाएं चलाई हैं उनका मुख्यमंत्री ने जनसभा में जमकर बखान भी किया। अब यदि किसी क्षेत्र में वोट की गारंटी सुनिश्चित करनी हो तो महिला शक्ति की संख्या के आकलन पर हार जीत की पुष्टि मानी जाती है। मुख्यमंत्री ने जब जनसभा में महिलाओं की संख्या को भरपूर देखा तो उन्होंने अंदाजा लगा दिया कि अब यह कांग्रेस का गढ़ नहीं रहा। बड़ी बात तो यह भी थी कि इस जनसभा में पुरुषों की संख्या महिलाओं की बनिस्बत काफी कम थी।

मजे की बात तो यह है कि इस पूरे कार्यक्रम की संरचना विशेष कूटनीति के तहत सुखराम चौधरी के द्वारा पहले ही तैयार कर दी गई थी। मंच पर राजनीति के चाणक्य माने जाने वाले डॉ राजीव बिंदल को भी बोलने का भरपूर मौका दिया गया। तो कार्यक्रम में शिलाई विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले पूर्व विधायक एवं खाद्य आपूर्ति विभाग के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करी। सांसद व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित विधायक रीना कश्यप, बलदेव भंडारी, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता भी मौजूद रहे। जिला सिरमौर की इस भाजपाई दिग्गजों की टीम का जनसभा में मौजूद होना यह सुनिश्चित करता है कि प्रदेश की सभी 68 विधानसभा सीटों पर फिर से कब्जा करना है।

अब यदि इस विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की बात की जाए तो वह पूरी तरह से गुटबाजी में उलझी हुई है। टिकट की दौड़ में कांग्रेस के तीन से चार लोग दौड़ में शामिल हैं। इनमें से किसी एक को भी टिकट मिलता है तो बाकी तीन बगावत ना करें ऐसा हो ही नहीं सकता। इससे भी बड़ी बात तो यह है कि राष्ट्रीय यूथ कांग्रेस के नेता पांवटा साहिब में अपनी मजबूत पैठ रखते थे। उन्हें कांग्रेस से टिकट की कोई उम्मीद नजर ना आती देख उन्होंने ऐन वक्त पर आम आदमी पार्टी में दल बल के साथ अपनी उपस्थिति भी दर्ज करवा दी। ऐसे में सुखराम चौधरी का शहरी क्षेत्र और कुछ नई शामिल हुई पंचायतों का डैमेज ऑटोमेटिकली कंट्रोल हो जाता है। ऐसे में चाहे आम आदमी पार्टी हो या फिर कांग्रेस यह दोनों जब तक एकजुट नहीं होंगी ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी को उनके ही गढ में हराने में नाकाम रहेंगी।

तो वही क्षेत्र की जनता में सुखराम चौधरी डबल इंजन सरकार का दम दिखाने में भी पूरी तरह कामयाब रहे। मुख्यमंत्री के द्वारा ना केवल करोड़ों की सौगातें दी गई बल्कि क्षेत्र में दो नई उप तहसीलें अटल आदर्श विद्यालय राजपुरा के अस्पताल में 50 बिस्तर की क्षमताओं की एक्सटेंशन, आयुर्वेदिक डिस्पेंसरी या पीएचसी स्कूलों की अपग्रेडेशन जैसी दर्जनों मांगों को भी मान लिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में सुखराम चौधरी से नाराज चल रहा गुट भी नजर आया। माना जा रहा है कि अब यह नाराज गुट भली-भांति जान चुका है कि भाजपा से बाहर उनकी कोई पूछ नहीं है।

कुल मिलाकर कहा जाए तो 2022 पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के लिए मिशन रिपीट साबित हो सकता है। उपस्थित जनसभा में स्थानीय प्रधान मीणा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, बीडीसी चेयरमैन हितेंद्र जोकि डांडा पंचायत के प्रधान हैं, रमेश तोमर, पूर्व बीडीसी सदस्य नेत्र चौहान, सुमेर चंद शर्मा, बलवीर गुग्गी, अविनाश सिंह सैनी जैसे भाजपा के दिग्गज पिलर कार्यक्रम में मौजूद रहे।


Posted

in

,

by

Tags: